ABC News: सावन के महीने में नवाबगंज में होने वाले दंगल को लेकर यहां पर हर किसी के अंदर जोश और उत्साह दिखा. खासतौर पर भूटान के जिस पहलवान चिमचिम डोगरा को लेकर यहां पर इतनी विशेषताएं कमेटी पदाधिकारियों की तरफ से बताई गईं थी, वह यहां पर अखाड़े में नहीं उतरा.
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि चोट की वजह से चिमचिम डोगरा दंगल नहीं लड़ रहा है, जबकि कमेटी पदाधिकारियों के ऐलान को सुनकर कानपुर और आसपास के पहलवान उसे चुनौती देने यहां पर पहुंचे थे. जब इन पहलवानों को दंगल में इंट्री नहीं मिली तो उन्होंने यहां पर विरोध दर्ज कराते हुए हंगामा किया.
दंगल में आपाधापी दिखने पर यहां पर मौजूद पुलिस ने इन पहलवानों को समझाबुझाकर शांत किया. पहलवानों ने अपनी पसंद के पहलवानों को दंगल लड़ाने के आरोप कमेटी पदाधिकारियों पर लगाए, जबकि कमेटी पदाधिकारियों का कहना था कि जिनका रजिस्ट्रेशन हुआ है, उन्हीं पहलवानों को यहां पर दंगल में लड़ाया जा रहा है.
दंगल के दौरान यहां पर कई पहलवानों ने अपने दांव पेंच दिखाए, इस दौरान महिला पहलवान भी एक दूसरे को चुनौती देती नजर आयीं, दंगल देखने के लिए यहां पर दूर-दूर से दर्शक आए.

