ABC News: मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर सीएमआरएस के निरीक्षण से पहले यहां पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसी कड़ी में कानपुर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर पड़ने वाले सभी पांच स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का काम तेजी से चल रहा है. कानपुर मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशन में आने वाले चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए साइनेज और संकेतक लगा दिए गए हैं. इसके साथ ही इन स्टेशनों पर पब्लिक इनफॉरमेशन डिस्प्ले सिस्टम की व्यवस्था को भी इंस्टॉल कर दिया गया है.

गौरतलब हो कि अंडरग्राउंड रूट और स्टेशनों का जल्द ही मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त को निरीक्षण करना है. ऐसे में यहां पर सभी यात्री सुविधाओं को पूरा करने का काम किया जा रहा है. यात्रियों की सुविधा के लिए यहां पर जो संकेतक लगाए गए हैं, वह उन्हें प्रवेश-निकास द्वार, टिकट काउंटर, प्लैटफॉर्म आदि का रास्ता दिखाएंगे. मेट्रो स्टेशन पर लगाए गए ये संकेतक या साइनेज एलईडी आधारित हैं और दूर से भी स्पष्ट दिखाई देते हैं. प्रत्येक स्टेशन पर इंस्टॉल किए गए इन संकेतकों की संख्या औसतन 275 से अधिक है, जिन्हें स्टेशन के तीनों लेवल (ग्राउंड, कॉनकोर्स और प्लैटफॉर्म) पर लगाया गया है.

मेट्रो अफसरों का कहना है कि स्टेशनों पर यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए इन संकेतकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. प्रवेश, निकास, गेट संख्या, टिकट काउंटर, स्टेशन कंट्रोल रूम, पेयजल, शौचालय, लिफ्ट, फायरमैन सीढ़ी, प्लैटफॉर्म संख्या, व्हीलचेयर असिस्टेंस आदि अनेक आवश्यक सूचनाओं के लिए यात्री इन संकेतकों का सहारा लेते हैं. स्टेशनों पर स्थित तकनीकी कक्ष जहां जाने की अनुमति संबंधित विभागों के मेट्रो कर्मचारियों को ही होती है, उनमें भी ये संकेतक या साइनेज लगा दिए गए हैं. इसके अलावा वैधानिक संकेतक जैसे अग्निशमन से जुड़े संकेतक, आपातकालीन द्वार और दूसरे संकेतक जो किसी प्रकार की चेतावनी या खतरे की सूचना देते हैं, उन्हें भी यथास्थान पर लगा दिया गया है.

