ABC News: कानपुर के सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के कसिगवां गांव में कलयुगी बेटे ने शराब के रूपए न देने पर अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कातिल बेटे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जा रहा है कि कसिगवां गांव निवासी राजेश्वरी अपने चार बेटों उमेश, सुशील, राजाराम उर्फ लादेन और मनोज के साथ यहां पर रहती थीं.

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले बड़ा बेटा उमेश साधु बनकर घर छोड़कर चला गया. जिसके बाद वह राजाराम व मनोज के साथ रहती थी. शनिवार दोपहर छोटा बेटा मनोज फैक्ट्री में काम करने गया हुआ था. इसी दौरान हर रोज की तरह मंझला बेटा राजाराम शराब के नशे में आया और गाली गलौज करते हुए मां से शराब के लिए रुपये मांगने लगा. जिसपर मां ने विरोध करते हुए मुख्य दरवाजे की कुंडी लगाकर घर के अंदर हो गई. इस पर राजाराम आगबबूला होकर पहले दरवाजे पर पथराव किया, फिर कुंडी तोड़कर अंदर घुस गया. राजाराम ने इसके बाद अपनही बुजुर्ग मां के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी. मां की हत्या के बाद वह जैसे ही मौके से भागने लगा, वैसे ही ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. इस बीच सूचना पाकर मौके पर जब पुलिस पहुंची तो कातिल बेटे को उनके हवाले कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि हत्यारोपित शराब का लती है. शराब के लिए रुपये न देने पर उसने वृद्ध मां की हत्या कर दी है. आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है.

