ABC News: सीसामऊ उपचुनाव में जैसे जैसे मतदान की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे यहां का माहौल भी काफी दिलचस्प होता जा रहा है. समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रत्याशी घोषित होने के बाद जिस तरह से नसीम सोलंकी बार-बार भावुक होती दिख रहीं थीं, वहीं नसीम अब परिपक्व राजनीतिज्ञ की तरह एक-एक कदम फूंक-फूंककर बढ़ाने में लगी हैं. यही वजह रहीं कि दीपावली की रात सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी पीरोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर पहुंची और यहां पर महादेव का जलाभिषेक करने के साथ उनका पुष्पार्चन किया और दीपक भी जलाए. इस दौरान नसीम सोलंकी महादेव की भक्ति में भी लीन दिखाई दीं.
#कानपुर
— Abcnews.media (@abcnewsmedia) November 1, 2024
⏺️सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने बनखंडेश्वर मन्दिर में की पूजा अर्चना
⏺️दीपावली पर मन्दिर में जलाया दीपक
⏺️मन्दिर में जलाभिषेक के बाद शिवलिंग छूकर की प्रार्थना
⏺️पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी हैं नसीम सोलंकी@IrfanSolanki@samajwadiparty#kanpur #abcnewsmedia pic.twitter.com/KfVOtgdDkO
सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव में जोर तो दीपावली के बाद पकड़ने की उम्मीद है लेकिन इसमें बीच बीच में इस तरह के दिलचस्प वाक्ये सामने आ रहे हैं कि इसकी रोचकता और बढ़ती जा रही है. दीपावली पर देर रात वनखंडेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के बाद उन्होंने शिवलिंग को छूकर प्रार्थना भी की. उनके साथ मौजूद समर्थक शिवलिंग पूजन की पूरी विधि के बारे में भी उन्हें बताते रहे. महादेव का पूजन करने के बाद उन्होंने कहा कि मेरे पति और जनता की दुआएं मेरे साथ है. मैं अपने पति की तरह ही जनता के हितों के लिए काम करूंगी. गौरतलब हो कि नसीम के पति और पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी ने अपने विधायकी कार्यकाल में वनखंडेश्वर मंदिर का सुंदरीकरण कराया था. मंदिर परिसर में कई कार्य इरफान ने अपनी विधायक निधि से कराए थे. सियासत के जानकार यह मान रहे हैं कि नसीम का यह कदम इरफान के विकास कार्योें के बाद जनता के बीच पैठ बनाने के मकसद से उठाया गया है. हालांकि, इसके पहले नसीम कांग्रेस नेताओं के साथ गुरूद्वारा जाकर भी मत्था टेक चुकी हैं.

नसीम के इस कदम के बाद हमला करने की जिम्मेदारी भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने संभाली. उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि सपा का चाल चरित्र और चेहरा पूरे देश ने देखा है. जिस तरह से मुलायम सरकार में अयोध्या में कारसेवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया गया तो सपा के लोग दर्शन करने भी नहीं गए. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हिंदु मंदिर में दर्शन कर हिंदु वोटों को भ्रमित करने का काम है. इनके इस प्रकार के झूठ, फरेब और ढोंग को जनता जानती है.

उपचुनाव से सोलंकी परिवार का है नाता
सीसामऊ विधानसभा मेें होने वाले उपचुनावों से सोलंकी परिवार का गहरा नाता है. गौरतलब हो कि पूर्व विधायक हाजी मुश्ताक सोलंकी परिसीमन से पहले होने वाली आर्यनगर सीट से विधायक हुआ करते थे. हाजी मुश्ताक सोलंकी के इंतकाल के बाद जब उपचुनाव हुए तो उनके बेटे इरफान सोलंकी ने यहां से जीत हासिल की. नए परिसीमन के बाद आर्यनगर सीट सीसामऊ में तब्दील हो गई. इसके बाद इरफान लगातार विधायक बने रहे. जाजमऊ आगजनी कांड मेें कोर्ट से सात साल की सजा पाने के बाद इरफान की विधायकी गई तो अब उपचुनाव में उनकी पत्नी नसीम अपना भाग्य आजमाने यहां पर प्रत्याशी बनकर उतरी हैं

