ABC News: कानपुर के चौबेपुर में एक सब्जी विक्रेता का सड़क किनारे गड्ढे में सब्जी धोने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. जलभराव के गंदे पानी में भिंडी धोते हुए सब्जी विक्रेता का वीडियो यहां से निकल रहे एक राहगीर ने बना लिया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. शनिवार को वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. हालांकि, इस वायरल वीडियो कब का और कहां का है, इसकी पुष्टि एबीसी न्यूज नहीं करता है.

वायरल वीडियो को चौबेपुर का बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि चौबेपुर के बेला रोड में एक सब्जी विक्रेता सड़क किनारे गड्ढे में हुए जलभराव में भिंडी की सब्जी धो रहा था. इस पर यहां से निकल रहे राहगीरों ने आपत्ति जताई. राहगीरों ने जब सब्जी विक्रेता का नाम पूछा तो उसने नाम नौशाद बताया. सड़क किनारे भरे गंदे पानी में भिंडी धोने के बाद उसे वह वापस ठेले पर रख रहा था. इसी दौरान किसी युवक ने उसका वीडियो बना लिया. वायरल वीडियो का संज्ञान जब पुलिस ने लिया तो सब्जी विक्रेता की तलाश करायी. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के बाद रहमतनगर निवासी नौशाद को लाकर पूछताछ की गई. पूछताछ में नौशाद ने बताया कि नौशाद का ठेला पलट गया था, जिससे उसमें रखी भिंडी पलट गई थीं, पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने भी यह घटना बताई. सब्जी विक्रेता के खिलाफ किसी ने शिकायत दर्ज नहीं करायी है

