ABC News: कानपुर में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले ही माहौल बनना शुरू हो गया है. इसकी एक बानगी नरोना चौराहा, मालरोड पर नजर आयी. दरअसल, नरोना चौराहा पर लगी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पत्रकार प्रवर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को पूर्व में मेट्रो के कार्य के चलते हटा दिया गया था. यहां पर मेट्रो का काम भी पूरा हो गया और अंडरग्राउंड मेट्रो दौड़ने भी लगी लेकिन गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा अब तक नहीं लग पायी.
इसको लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने प्रतिमा खोजो अभियान का ऐलान करते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया. इसकी खबर जब भाजपा पार्षद विकास जायसवाल को लगी तो नरोना चौराहा पर उन्होंने भी मोर्चा तान दिया और कहा कि यहां पर मंदिर निर्माण के बाद विद्यार्थी जी की प्रतिमा भी लगेगी. भाजपा और सपा नेताओं के आमने सामने प्रदर्शन को देखते हुए यहां पर काफी मात्रा में पुलिस बल भी मौजूद रहा. नयागंज मेट्रो स्टेशन के सामने धरने पर बैठे विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि यहां से जो विद्यार्थी जी की प्रतिमा हटाई गई, उसका अता पता तक नहीं मिल रहा था.
इसीलिए मजबूर होकर प्रशास को नोेटिस दिया लेकिन यहां पर एक गली का गुंडा आता है और कहता है कि मूर्ति उसके पास है जबकि मूर्ति प्रशासन के पास होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसे गली के गुंडे पर एफआईआर होनी चाहिए. सपा विधायक ने बताया कि मेट्रो के डीजीएम ने यहां पर एक महीने में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा लगाने की बात कही है.
वहीं पार्षद विकास जायसवाल ने कहा कि मेट्रो के कार्य के समय तत्कालीन उप महाप्रबंधक, सागर मार्केट के व्यापारी समेत अन्य लोगों के साथ जो मीटिंग हुई थी, उसमें वह भी शामिल थ़े. मेट्रो का काम पूरा होने के बाद सांसद ने भी पत्र दिया था. जिसकी वजह से यहां पर पहले मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ. उन्होंने कहा कि मूर्ति उनके पास सुरक्षित है, जैसे ही मंदिर का काम पूरा होता है तो जिस जगह पर मूर्ति लगी थी, वहां पर सुंदरीकरण कराकर विद्यार्थी जी की प्रतिमा को पुर्नस्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सपा विधायक को अपने प्रदर्शन में मंदिर की याद नहीं आयी. उन्होंने कहा कि अगर मंदिर का सपा विधायक जिक्र करते तो उनका वोटबैंक नाराज हो जाता.
भाजपा पार्षद ने कहा विधायक उन्हें गली का गुंडा कह रहे हैं लेकिन उनके उपर कोई मुकदमा दर्ज नहीं है, जबकि विधायक की पार्टी में अपराधियों की भरमार है.
एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने कहा कि कहीं कोई विरोध नहीं है, दोनों पक्षों ने मूर्ति वापस स्थापित करने की मांग की है. प्रशासन और मेट्रो के अधिकारी मिलकर मूर्ति वापस लगाने का निर्णय लेंगी. उन्होंने कहा कि जो जानकारी मिली है, उसमें यह पता चला है कि मूर्ति का प्रॉपर हैंडओवर हुआ था, लेकिन उसको लेकर क्या प्रक्रिया अपनाई गई, उसकी जांच की जाएगी, उन्होंने कहा कि कि मूर्ति गायब नहीं है, यहीं पर है

