ABC News: बिठूर थानाक्षेत्र में देर रात शादी समारोह से लौट रहे कारोबारी की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में कारोबारी पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. बताया जा रहा है कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार की हेडलाइड हाईबीम पर जल रही थी, जिससे कारोबारी की आंखों के सामने अंधेरा छा गया और वह अपनी कार की गति पर नियंत्रण नहीं रख सके.
मृतक की पहचान जवाहर नगर निवासी नरेश मिश्रा के रूप में हुई. परिजनों ने बताया कि नरेश मिश्रा एक सरकारी कैंटीन में आपूर्ति करते थे. रविवार को बिठूर के लवकुश वाटिका में आयोजित पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए वह पत्नी शालिनी के साथ कार से गए थे. रात करीब दो बजे वह घर लौट रहे थे, तभी सिंहपुर के पास स्थित मंटोरा फार्म हाउस के सामने उनकी कार डिवाइडर से टकरा पलट गई. हादसे में कारोबारी नरेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी शालिनी गंभीर रूप से घायल हो गई.

