ABC News: सचेंडी थानाक्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मामा भांजे की मौत हो गई. मामा-भांजे की एक साथ मौत की जानकारी पाकर उनके घर में कोहराम मच गया. परिजनों ने बताया कि मूलत: हमीरपुर निवासी सुनील अपने भांजे कृष्णा सोनी के साथ रनिया में किराए के मकान में रहता था.
रनिया की एक फैक्ट्री में ही दोनों नौकरी भी करते थे. कुछ समय पहले दोनों की नौकरी चली गई थी. एक दिन पहले दोनों बाइक से कानपुर में नौकरी की तलाश के लिए आए थे और शाम को वापस रनिया जा रहे थे. भौंती और चकरपुर के बीच हाइवे पर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई, इस बीच आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया. सूचना पर मौके पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए हैलट अस्पताल भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.

