ABC News: कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र के कोयलानगर फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर से दो सिक्योरिटी गार्ड्स की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों सिक्योरिटी गार्ड्स की आपस में रिश्तेदारी थी और घर से वह ड्यूटी स्थल पर जा रहे थे. दोनों की मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, उनके घरों में कोहराम मच गया.
बताया जा रहा है कि सचेंडी थानाक्षेत्र निवासी सागर कमल और आलोक कमल, दोनों सीओडी के पास सिक्योरिटी गार्ड थे. दोनों भोर पहर एक ही बाइक से ड्यूटी जाने के लिए निकले थे. परिजनों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे रामादेवी और कोयलानगर के पास फ्लाईओवर पर जाते समय पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मारी. इसके बाद भागने के प्रयास में दोनों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी. जैसे ही दोनों की मौत की खबर उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया. परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया.

