ABC News: कानपुर के बिठूर स्थित गुदारा घाट पर रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे दो मौसेरे भाई गहरे पानी में जाने की वजह से तेज बहाब में डूब गए. घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची बिठूर थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की मदद से दोनों युवकों की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
बताया जा रहा है कि सचेंडी थाना क्षेत्र के चकरपुर मंडी के रहने वाले अभिषेक सोनकर सोमवार तड़के करीब तीन बजे अपने चचेरे भाई आशिक सोनकर और मौसेरे भाई सतीश सोनकर के साथ बाइक से गुदारा गंगा घाट पहुंचे थे. तीनों गंगा में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान आशिक और सतीश नहाते समय सुरक्षा के लिए लगाई गई चेतावनी रस्सी को पार कर गहरे पानी की ओर चले गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रस्सी पार करने के कुछ ही देर बाद दोनों अचानक गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे.
दोनों को डूबता देखकर साथ में घाट पर मौजूद अभिषेक ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई. घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल गंगा में छलांग लगाकर उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बहते चले गए. बिठूर पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की तलाश में गोताखोर लगातार प्रयास कर रहे हैं.

