ABC News: कानपुर में फर्जी फर्म बनाकर चेक गणराज्य के नागरिक के साथ दो लाख डॉलर की ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में पता चला कि गिरोह ने इसके पहले भी पोलेंड, ऑस्ट्रेलिया और फिनलैंड के कारोबारियों के साथ ठगी की है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि चे गणराज्य के गिरी जेन्जेला नाम के शख्स ने वहां से शिकायत दर्ज करायी थी. गिरोह सरगना और झांसी निवासी ओमप्रकाश ने पनकी में वर्धमान इंडस्ट्री के नाम से फर्म को दर्शाया. गेल्वेनाइज आयरन बार को लेकर दोनों के बीच कई मिलियन डॉलर का सौदा तय हुआ और टोकन मनी के रूप में वहां से दो लाख डॉलर भेजे गए. जब वहां पर माल नहीं पहुंचा तो जब पीड़ित ने संपर्क किया गया तो अभियुक्तों ने मोबाइल आदि बंद कर दिए. डीसीपी ने बताया कि पुलिस की जांच में पनकी में इस तरह की कोई फर्म नहीं मिली. फिर जब इनके खातों का खंगाला गया तो घटना का खुलासा हुआ.
गिरोह के सदस्यों ने कई लोगों के खाते भी खुलवाए, ठगी का पैसा खातों से गुजरात के वापी की एक कंपनी में पहुंचता फिर वहां से अलग अलग खातों में यह पैसा जाता था. गिरोह के फर्जी आईडी से विभिन्न बैंकों में खुलवाए गए 13 खातों की डिटेल मिली है, इसके अलावा 15 ऐसे बैंक खाते मिले हैं, जिनका एक्सेस इनके पास था. यह लोग फर्जी बनाकर उसका जीएसटी रजिस्ट्रेेशन भी कराते थे.

