ABC News: श्यामनगर में 16 फरवरी को हुई लूट में पुलिस ने बहुत बड़ा खुलासा किया है. देर रात हाफ एनकाउंटर और फिर चार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद जो खुलासा हुआ, उसमें पता लगा कि पुलिस ने उस गिरोह को पकड़ा है, जो हवाला और अवैध ढंग से कमाई गई रकम को लूटता था.
यही नहीं, इस घटना की जांच में जब पुलिस ने परत दर परत खोली तो वह खुद हैरान रह गई. जिस लूट को आठ लाख रूपए की बताया जा रहा था, वह 25 लाख रूपए की निकली. इस लूट में देर रात पुलिस ने बेकनगंज निवासी मुजाहिद और मोहम्मद यासीन में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया. इसके बाद पीएसी मोड़ के पास से अब्दुल रहमान, शुभान खान, लॉरेब और मो. जीशान को भी गिरफ्तार किया. इसके बाद जो खुलासे हुए, वह काफी चौंकाने वाले थे.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि लूटकांड के पीड़ित वासिद और अरशद जब अपनी बात से मुकरे तो पुलिस को शक हुआ. इसके बाद गहनता से जांच पड़ताल की गई और बैंक के रिकॉर्ड भी खंगाले गए. इसमें पता चला कि घटना वाले दिन महफूज नाम के कारोबारी ने घटना वाले दिन तीन करोड़ 20 लाख रूपए निकाले थे, इन रूपयों को झकरकटी के पास एक कमरे में अलग अलग लोगों को बांटा गया. वासिद और अरशद जिस 25 लाख की रकम को लेकर जा रहे थे, वह उनसे लूटी गई थी. शुरूआती जांच में पुलिस को महफूज के 14 बैंक खातों का पता लगा.
यही नहीं, जांच में सामने आया कि महफूज ने सवा दो साल में विभिन्न बैंकों से 850 करोड़ रूपया नकद निकाला था. जांच में उसके और परिचितों के 12 बैंकों में 68 खातों का पता चला, जिसमें 1600 करोड़ रूपए की नकद निकासी हुई. महफूज ने पूछताछ में टेनरी और कई फर्मों के बारे में बताया. लेकिन पुलिसिया जांच में उसका कारोबार उस स्तर का नहीं पाया गया, जहां पर इतनी बड़ी नकद निकासी की जरूरत हो. वहीं, लूटकांड के पीड़ित वासिद और अरशद के बारे में पाया गया कि वह महफूज के गुर्गे के रूप में काम करते थे. वहीं, अभियुक्तों में रहमान और शुभान रेकी का काम करते थे. इस घटना को अंजाम देने से पहले इन लोगों ने काफी रेकी की और पहले भी लूट का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए, इस बार लुटेरे अपनी योजना में कामयाब हो गए.
पुलिस आयुक्त ने शंका जाहिर करते हुए कहा कि मनी म्यूल खातों के माध्यम से हवाला का नेटवर्क संचालित हो सकता है. इसके अलावा फर्जी फर्मों का निर्माण कर एमपीएससी प्रमाण पत्र का दुरूपयोग कर टैक्स चोरी की आशंका भी जताई जा रही है. उन्होंने बताया कि इसकी जांच करने के लिए पुलिस इनकम टैक्स, जीएसटी, ईडी और आरबीआई को पत्र लिख रही है. आरबीआई के माध्यम से बैंक कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी. वहीं, लूट के बाद अभियुक्त दिल्ली, कश्मीर और नेपाल भी घूमने गए.उन्होंने बताया कि अभी इस घटना के अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है.

