ABC News: कानपुर में मिलावट के खिलाफ अभियान चला रहे एफडीए अधिकारियों ने चावल में रंग मिलाकर हल्दी बनते हुए पकड़ी है. मंगलवार को एफडीए अधिकारियों ने इस्पातनगर, पनकी की मसाला फैक्ट्री में जब छापा मारा, तो यहां पर चावल में हल्दी जैसा रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा है.

मौके पर एफडीए अधिकारियेां को साबुत हल्दी नहीं मिली, जबकि यहां पर निर्माण तेजी से चल रहा था. एफडीए की टीम ने यहां पर छह सैंपल एकत्र कर 5,86,200 रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया है. स्टॉक में 77 बैग चावल के टुकड़े, जिनकी कीमत 1.54 लाख रुपये है, 42 बैग हल्दी पाउडर, जिसकी कीमत 4.20 लाख रुपये आंकी गई है, 30 किलोग्राम पिसा धनिया (3,600 रुपये), 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर (6,000 रुपये) तथा 20 किलोग्राम हल्दी अपमिश्रक (2,600 रुपये) कब्जे में लिया. इसके अलावा परिसर में मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, मिर्च में मिलाने के लिए रास्पबेरी रेड कलर तथा अन्य सामग्री भी मिली.

एफडीए अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी. बताया गया कि जांच के दौरान मिली सामग्री से यह भी संकेत मिले कि मसालों के निर्माण में प्रयुक्त कच्चे माल एवं रंगों की गुणवत्ता की भी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी. सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध विभाग का अभियान लगातार जारी है.

जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तत्काल विभाग को अवगत कराएं, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

