ABC News: भाषा के नाम पर महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे प्रदेशों में हिंदी भाषी व्यापारियों के साथ हो रही मारपीट के विरोध में कानपुर उद्योग व्यापार मंडल ने गांधी प्रतिमा, फूलबाग पर धरना दिया.
यहां पर धरने पर बैठे व्यापारी नेताओं ने कहा कि पहले कर्नाटक और अब महाराष्ट्र में जिस तरह से भाषा के नाम पर हिंदी भाषी व्यापारियों के साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. उससे वह लोग आहत हैं. यहां पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्र ने कहा कि सरकार ने 22 भाषाओं को मान्यता प्रदान की है. वह लोग सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि अगर भाषा के नाम पर सभी प्रदेश आपस में लड़ते रहे तो विश्व में अपनी धाक किस तरह से हम जमा पाएंगे.
उन्होंने कहा कि कानपुर में गुजरात, महाराष्ट्र से लेकर अन्य प्रदेशों के लोग न केवल बसते हैं बल्कि पूरी तरह से सभी ने उन्हे अपनाया है और एकजुट होकर रहते हैं. ऐसे में जरूरी है कि भाषा के नाम पर न लड़कर सभी एक राष्ट्र के रूप में साथ रहें. धरने में कानपुर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील बजाज, विजय पंडित, निर्मल त्रिपाठी,अचल गुप्ता आदि रहे.

