ABC News: सुतरखाना स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में चांदी के सात मुकुट चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में मंदिर के अंदर से मुकुट चोरी करने वाले मुख्य आरोपी के अलावा उसकी पत्नी और सराफा व्यापारी को गिरफ्तार किया है.
आरोपी का कहना है कि उसका एक दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था और रूपयों की जरूरत के चलते उसने मंदिर में चोरी की. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने चोरी के लिए तीन मंदिरों की रेकी की, जिसमें सिद्धि विनायक मंदिर उसे सॉफ्ट टारगेट लगा और उसने यहां पर आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दिया. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सिद्धि विनायक मंदिर में चोरी के मामले में हरबंश मोहाल पुलिस ने कासगंज निवासी मजीद अंसारी, उसकी पत्नी अंजुम को गिरफ्तार किया है.
मजीद ने चोरी की सभी सातों मुकुट सराफा व्यापारी जावेद अहमद को बेचे थे. जावेद ने सभी मुकुट गला दिए. पुलिस ने सराफा व्यापारी जावेद को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी का बिस्किट, करीब 23 हजार रूपए और घटना में शामिल स्कूटी बरामद की है. गौरतलब हो कि चोरी के बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो आरोपी चौबेपुर तक जाता हुआ दिखाई दिया था.
पुलिस ने लंबी चली तफ्तीश के बाद आरेापी को गिरफ्तार किया. वहीं आरोपी का कहना है कि एक्सीडेंट होने के बाद इलाज के लिए रूपयों की जरूरत थी, तो उसने मंदिर को निशाना बनाकर वहां पर चेारी की.

