ABC News: रायपुरवा के चर्चित कुशाग्र कनोडिया अपहरण और हत्याकांड में एडीजे 11 की कोर्ट ने तीनों अभियुक्तों को दोषी करार दिया है. कोर्ट अब इस मामले में 22 जनवरी को अपना फैसला सुनाएगा. इस केस को लेकर मंगलवार को कुशाग्र के पिता मनीष कनोडिया और उनकी मां सूरत से कानपुर आयीं. जबकि चाचा सुमित कनोडिया लखनऊ से कानपुर आए. तीनों अभियुक्तों को जब कोर्ट ने दोषी सुनाया तो कुशाग्र के परिजनों की आंखों में एक बार फिर अश्रुधारा फूट पड़ी.
आपको बता दें कि कारोबारी मनीष कनोडिया का 16 वर्षीय बेटा कुशाग्र कनोड़िया ट्यूशन पढ़ने गया था. अक्टूबर 2023 में उसका बहला फुसला कर अपहरण कर लिया गया और हत्या कर दी थी. पुलिस की जांच में पता चला कि कुशाग्र की पुरानी टीचर रचिता, उसके प्रेमी और साथी ने कुशाग्र की रूपयों के लिए पहले अपहरण किया फिर हत्या कर दी. इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब अपार्टमेंट के गार्ड राजेंद्र ने उस स्कूटी को पहचान लिया, जिससे प्रभात का दोस्त शिवा, कुशाग्र के घर पर फिरौती का पत्र फेंकने गया था. करीब सवा दो साल बाद मंगलवार को जब एडीजे 11 सुभाष सिंह शाक्य की कोर्ट ने अभियुक्त रचिता वत्स, उसके प्रेमी प्रभात शुक्ला और शिवा गुप्ता को फिरौती के लिए अपहरण, हत्या और सबूत मिटाने का दोषी करार दिया, तो कुशाग्र के परिजनों की आंखों से आंसू छलछला गए.
कुशाग्र के परिजनों ने तीनों दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की. एडीजीसी भास्कर मिश्र ने बताया कि कोर्ट ने तीनों अभियुक्तों को 364ए, 302 और 201 में दोषी सिद्ध किया है, 22 जनवरी को कोर्ट इस पर फैसला सुनाएगा. उन्होंने कहा कि कोर्ट ने यह भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह फैसला नजीर बनेगा और लॉ स्टूडेंट्स को इस फैसले का बार बार अध्यययन करना चाहिए. उन्होंने बताया कि इस मामले में अभियोजन ने 14 गवाह पेश किए. जिसमें उसकी मां, चाचा, बाबा, अपार्टमेंट का गार्ड, पुलिस और फोरेंसिक अधिकारी के अलावा सीडीआर के मामले में जियो और एयरटेल के अधिकारी भी शामिल रहे.
सूरत शिफ्ट हुआ परिवार, चाचा लखनऊ से आकर करते रहे पैरवी
कुशाग्र अपहरण और हत्याकांड में सुनवाई को लेकर गुजरात के सूरत से कानपुर आए उसके माता और पिता एक बार फिर काफी गमगीन देखे गए. कुशाग्र की हत्या के बाद से उसका परिवार इतना टूट गया कि साल 2024 में उसने कानपुर ही छोड़ दिया. इसमें कुशाग्र के माता पिता जहां सूरत में शिफ्ट हो गए, वहीं उनके चाचा सुमित कनोडिया लखनऊ से आकर केस की पूरी मजबूती से पैरवी करते रहे. मंगलवार को भी कुशाग्र की मां सोनिया की आंखों से बहते आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे थे. सूरत में शिफ्ट होने को लेकर उन्होंने कहा कि उनके दो और बच्चे हैं, उनकी सुरक्षा का डर उन्हें सताता है. जिसकी वजह से वह लोग सूरत में शिफ्ट हो गए.
कुशाग्र की मां ने कहा कि उसकी कमी उनकी जिंदगी में हमेशा रहेगी. वहीं, कुशाग्र के पिता मनीष न्यायालय की प्रक्रिया से तो संतुष्ट नजर आए लेकिन ऐसे मामलों में अपराधियों को जल्द से जल्द सजा मिले, इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया में सुधार की भी मांग की. उन्होेंने कहा कि इस घटना से गुरू शिष्य के रिश्ते को कलंकित है, जिसमें रूपयों के लालच में एक बच्चे की हत्या कर दी गई.
वहीं वकील कमलेश कुमार पाठक ने कहा कि यह मामला रेयरेस्ट आफ रेयर में आता है, ऐसे मामलों की वजह से लोग ट्यूशन टीचर पर भी विश्वास नहीं करेंगे, वह भी तब रचिता को कुशाग्र के परिजनों ने बिल्कुल अपनी बेटी की तरह माना.

