ABC News: कानपुर में एक अप्रैल से तीन बड़े अभियानों की शुरूआत की गई. बेनाझावर स्थित कंपोजिट विद्यालय से डीएम जितेेंद्र प्रताप सिंह ने संचारी रोग, स्कूल चलो और अखबार पढ़ो अभियान की शुरूआत की.

स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में यहां पर सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में डीएम ने बच्चों के बीच रोजाना अखबार पढ़ने के महत्व को भी बताया. इसके अलावा बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने यहां पर पैरेंट्स से अपने बच्चों को रोजाना स्कूल भेजने के साथ ही उनकी पढ़ाई की मॉनीटरिंग करने को कहा, जिससे बच्चे को अगर कहीं दुविधा है, तो उसका पता कर समाधान किया जा सके.

डीएम ने कहा कि अभियान के दौरान बच्चों की लगातार मॉनीटरिंग भी की जाएगी. इसके अलावा संचारी रोगों के प्रति भी उन्होेंने सभी को जागरूक करते हुए अपने आसपास सफाई रखने और कहीं पर भी पानी का जमाव न होने देने की अपील की. जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से अखबार पढ़ने की आदत विकसित करना अत्यंत उपयोगी पहल है. अखबार बच्चों को देश-दुनिया की घटनाओं, विज्ञान, साहित्य, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और अपने शहर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से जोड़ता है. इससे उनकी भाषा क्षमता, विश्लेषण क्षमता और समसामयिक समझ विकसित होती है. उन्होंने कहा कि अब जनपद के विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के प्रमुख अखबार पढ़ने का अवसर दिया जाएगा.

अखबार की कतरनें जुटेंगी, क्विज और चर्चा सत्र भी होंगे
इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थी समाचारों की महत्वपूर्ण कतरनों का संग्रह करेंगे और उन्हें विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. अखबार आधारित प्रश्नोत्तरी, ज्ञान प्रतियोगिताएं तथा चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होगी और उनकी अभिव्यक्ति क्षमता का विस्तार होगा.
छात्रा ने ईरान-अमेरिका से जुड़ी खबर पढ़कर दिखाई
कार्यक्रम के दौरान कंपोजिट विद्यालय मसवानपुर की कक्षा दो की छात्रा एल्ज़ीमा ने जिलाधिकारी के समक्ष अखबार का वाचन किया. उसने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ईरान और अमेरिका से संबंधित खबर पढ़कर सुनाई, जिसे सुनकर उपस्थित अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक प्रभावित हुए.

