ABC News: चकेरी में मूक-बधिर युवक को ऑटो में बैठाकर उसके साथ मारपीट और लूटपाट करने वाले गैंग के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्य रात में अकेली सवारी को निशाना बनाते थे.
यात्रियों से मोबाइल और नकदी लूटने के साथ यूपीआई के जरिए रुपये निकालने का भी प्रयास करते थे.मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है. चकेरी पुलिस के मुताबिक, संजीव नगर निवासी मोहित कुमार ने अपने भाई के साथ लूट की शिकायत दर्ज करायी थी. जिसमें आटो में सवार लोगों पर मारपीट और लूट के आरोप लगाए थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को अहिरवां के पास से गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्रा बिनगवां निवासी आयुष वर्मा, हंसपुरम निवासी उपेंद्र, आवास विकास निवासी विपिन तिवारी के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात में ऑटो में सवारियां बैठाते थे. जब कोई यात्री अकेला रह जाता तो उसके साथ मारपीट कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान छीन लेते थे. इस दौरान यूपीआई चलाने वाले मोबाइल मिलने पर वे यात्रियों को धमकाकर उनका पिन हासिल करते थे. इसके बाद दुकानों के क्यूआर कोड पर रुपये ट्रांसफर कर नकदी प्राप्त करने की कोशिश करते थे.पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करीब तीन सप्ताह पहले रामादेवी चौराहे से एक मूक-बधिर युवक को ऑटो में बैठाकर लूटपाट करने की बात भी स्वीकार की है.

