ABC News: सिविल लाइंस में होने वाले सीवर भराव का अब स्थाई समाधान किया जाएगा. इसको लेकर 15वें वित्त आयोग से 92.24 लाख रूपए खर्च का सीवर भराव की समस्या को खत्म किया जाएगा. यहां पर अब 1600 एमएम की सीवर लाइन को डाला जाएगा.
इसकी जानकारी देते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि सिविल लाइंस में अंबा नर्सिंग होम के सामने होने वाला सीवर भराव सभी को परेशान कर रहा है. जांच में पाया गया कि जलनिगम ने यहां पर लापरवाही से कार्य किया है, जिससे जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है. इसके बाद यहां पर समस्या के स्थाई समाधान करने की रणनीति बनी, जिसके तहत 15वें वित्त आयोग की धनराशि से यहां पर काम कराकर सीवर भराव की समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाएगा. उन्होंने बताया कि डेढ़ माह में सीवर लाइन का काम पूरा कर लिया जाएगा. इसके साथ ही सीसामऊ नाले में 5 फीट की ऊंची दीवार बनेगी और नाले पर जाल लगाया जाएगा. जिससे नाले में कूड़ा न फेंका जा सके. वहीं, अतिक्रमण अभियान को लेकर महापौर ने कहा कि 18 स्थानों पर रोजाना अभियान चलाया जा रहा है. इस बार बेहतर ढंग से नाले नाली की सफाई कराकर कानपुर में जलभराव की समस्या को कम से कम किया जाएगा.

