ABC News: नयागंज किराना बाजार में देर रात चोरों ने मिर्च आढ़ती की दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख रूपए की नकदी पार कर दी. नयागंज जैसी व्यस्त बाजार में चोरी की जानकारी मिलते ही व्यापारी संगठनों में भी हलचल मच गई और किराना व्यापार मंडल समेत अन्य व्यापारी नेता पहुंचे.

मिर्च आढ़ती विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि छह महीने पहले ही उन्होंने दुकान यहां पर शिफ्ट की है. मिर्च की उनकी थोक की आढ़त है. देर रात करीब सवा ग्यारह बजे वह लोग दुकान बंद कर घर गए थे, आज सुबह उनका बेटा वरूण एकाउंट से संबंधित काम के लिए जब आया तो देखा कि शटर में लगे ताले टूटे पड़े हैं. इस पर उसने पुलिस के साथ अन्य व्यापारियों को सूचना दी.

जानकारी पाकर किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश बाजपेयी, व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्र समेत अन्य व्यापारी मौके पर पहुंच गए. व्यापारियों ने कहा कि नयागंज जैसी व्यस्त बाजार में इससे पहले इस तरह की वारदात नहीं हुई. मौके पर एसीपी कलक्टरगंज ने डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है. दुकान और आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे. व्यापारियों ने दीपावली की भीड़ को देखते हुए पिकेट और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

