ABC News: कानपुर चिड़ियाघर में आने वाले दर्शकों के लिए राहत की बड़ी खबर है. करीब 56 दिन बाद मंगलवार से चिड़ियाघर एक बार फिर से दर्शकों के लिए खोला जाएगा. भोपाल की लैब में भेजे गए सैंपल्स की तीसरी रिपेार्ट भी निगेटिव आने के बाद चिड़ियाघर को मंगलवार से खोलने का फैसला लिया गया है.
गौरतलब हो कि चिड़ियाघर में गोरखपुर से आए शेर पटौदी की मौत के बाद जब उसके सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी. तब 13 मई को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया था. इसके बाद यहां पर एक मोर की भी मौत हो गई थी. इसके सैंपल में भी बर्ड फ्लू पाया गया था. वहीं, सुर्खाब, नीलगाय का बच्चा, हाइना, चीतल, उल्लू और ऐमू की भी लगातार मौत होती गई, हालांकि, इन सबके सैंपल्स में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई थी. इसके बावजूद एहतियात की दृष्टि से चिड़ियाघर को नहीं खोला जा रहा था. इस बीच, भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिज़ीज से सैंपल्स की तीसरी रिपोर्ट भी निगेटिव प्राप्त हुई, जिसकी जानकारी शासन को भेजी गई थी.
शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब कल से चिड़ियाघर में फिर दर्शकों को वन्य जीवों का दीदार होगा. कानपुर प्राणि उद्यान के निदेशक डॉ. कन्हैया पटेल ने बताया कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव की अनुमति के बाद मंगलवार से चिड़ियाघर दर्शकों के लिए खुल जाएगा.

