ABC News: मानसून की फिर से जबरदस्त हुई वापसी के बाद गंगा उफान पर हैं. पिछले कुछ दिनों में एक बार फिर से गंगा के जलस्तर में बढ़त देखी जा रही है. जो गंगा घाटों की सीढियों से नीचे जा चुकी थीं, वह फिर से सीढ़ियोें के उपर आ चुकी हैं. गंगा के उफान पर आने से घाटों पर रौनक भी बढ़ गई है.

बताया जा रहा है कि पहाड़ों पर हो रही बारिश और सहायक नदियों के उफान पर आने से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. इसकी वजह से गंगा बैराज से होने वाले डिस्चार्ज को बढ़ा दिया गया है, बैराज के सारे गेट पहले से ही खुले हुए हैं. शनिवार की शाम तक गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर 113.290 और डाउन स्ट्रीम में 113.030 मीटर पर जलस्तर रहा. जबकि शुक्लागंज छोर पर यही जलस्तर 111.980 मीटर पर रहा. गंगा का चेतावनी बिंदु 113 मीटर पर है. इस लिहाज से गंगा चेतावनी बिंदु से महज एक मीटर ही नीचे हैं. इसे देखते हुए तहसील के अफसर फिर से सक्रिय हो गए हैं और गंगा किनारे के गांवों में भ्रमण कर हालातों पर नजर रख रहे हैं. शनिवार को नरौरा से जहां एक लाख 18 हजार 621 क्यूसेक पानी छोड़ा गया. वहीं गंगा बैराज से दो लाख 62 हजार 937 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया.

