ABC News: कानपुर में चल रहे विवाद के बीच महापौर और उनके पुत्र के खिलाफ मोर्चा खोले पार्षदों ने मंगलवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की कोशिश की. सीएसए ग्राउंड पर जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर उतरा तो यहां पर बगावत का झंडा बुलंद किए पार्षदों ने जब मुलाकात करना चाहा तो उन्हें लखनऊ आने को कहा गया.
पार्षदों ने कहा कि डिप्टी सीएम ने उन लोगों को लखनऊ बुलाया है. इसके पहले महापौर और उनके बेटे के खिलाफ मोर्चा खोले छह पार्षदों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल से भी मुलाकात की.
सभी छह पार्षदों ने क्षेत्रीय अध्यक्ष को सिलसिलेवार ढंग से पूरी बात बताई. यहां पर पार्षद लक्ष्मी कोरी, पवन गुप्ता, पवन पांडेय और अंकित मौर्य ने बताया कि किस तरह से सीसामऊ विधानसभा में आने वाले उनके वार्डों में काम नहीं हुआ.
पार्षद विकास जायसवाल ने पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन के गठन पर सवाल खड़े किए.
महापौर पुत्र अमित पांडेय उर्फ बंटी के खिलाफ यहां पर कई आरोप लगाए गए और भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य रूकवाने के आरोप लगाए गए. कहा गया कि पुत्रमोह की वजह से महापौर को कुछ दिख नहीं रहा है.
पार्षदों ने कहा कि अब एक दो दिन में वह लोग लखनऊ जाकर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल के सामने अपनी बातों को रखेंगे.

