ABC News: कानपुर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की बढ़त दर्ज की गई है. हालत यह है कि आज रात तक गंगा शुक्लागंज गेज पर चेतावनी बिंदु पार कर जाएंगी,, वहीं, गंगा बैराज पर गंगा अब खतरे के निशान के पास पहुंचती जा रही हैं.
बुधवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर 114.600 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 114.270 मीटर पर जलस्तर रहा. इसे देखते हुए बुधवार को गंगा बैराज से इस सीजन का सर्वाधिक चार लाख चार हजार 405 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. इसकी वजह से कटरी के गांवों में अब बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है.
कटरी के चैनपुरवा, दिवनीपुरवा, लोधवाख़ेड़ा गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है. वहीं, गंगा से सटे भोपालपुरवा, शिवदीन का पुरवा में भी कई रास्तों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है. जिसे देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. बताया गया कि बुधवार को हरिद्वार से 93 हजार 512 और नरोरा डैम से एक लाख 11 हजारी 969 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है.
कटरी के गावों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
कानपुर में गंगा के उफान पर आने के बाद एक बार फिर से कटरी के गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. गंगा बैराज के पास बसे शिवदीन का पुरवा गांव बाढ़ के पानी से घिर चुका है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर जलस्तर इसी तरह से बढ़ता रहा तो बाढ़ का पानी भोपालपुरवा, बनियापुरवा, दुर्गापुरवा आदि गांवों तक पहुंच जाएगा. कई किसानों के खेतों में भी बाढ़ का पानी भर चुका है. इसी तरह कटरी के चैनपुरवा, दिवनीपुरवा, लोधवाखेड़ा आदि गांवों के रास्तों पर भी गंगा का बढ़ा हुआ पानी पहुंच चुका है.
बताया जा रहा है कि लोधवाखेड़ा का प्राइमरी स्कूल तक पानी पहुंच गया है. शुक्लागंज गेज पर अगर गंगा चेतावनी बिंदु क्रॉस करती हैं, तो बाढ़ का पानी चैनपुरवा गांव में पहुंच जाएगा. जलस्तर में लगातार बढ़त को देखते हुए तहसील प्रशासन अलर्ट पर आ गया है. ग्रामीणों को बाढ़ की स्थिति में आश्रय केंद्रों में भेजे जाने की तैयारी दिख रही है. वहीं, गंगा बैराज के आसपास भी बाढ़ राहत शिविर बनाकर वहां पर प्रभावित ग्रामीणों और जानवरों आदि को रखा जाएगा.

