ABC News: कानपुर मेें लगातार आग उगल रहे सूरज ने शनिवार को अधिकतम तापमान को 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा दिया. इसकी वजह से दोपहर में शहर की अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा देखा गया. जो लोग सड़कों पर निकले, वो भी खुद को धूप से बचाने की जद्दोजहद में देखे गए. इस दौरान छाता, टोपी से लेकर अंगौछा ही लोगों का सहारा बना रहा है.
चिलचिलाती धूप की वजह से सड़कों पर पारा और ज्यादा महसूस हुआ, हीट इंडेक्स की वजह से लोग परेशान देखे गए, इसकी वजह से लोग पानी से लेकर छाछ, कोल्ड ड्रिंक और अन्य तरल पदार्थों का लगातार सेवन करते रहे. सीएसए के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. वहीं, रात का तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. भीषण तपिश की वजह से वातावरण में नमी का प्रतिशत घटकर 22 तक पहुंच गया. हालांकि, दो दिन बाद से मौसम में बदलाव के साथ राहत का अनुमान जताया गया है. बताया गया कि 27 से 30 अप्रैल तक तेज हवा और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर तक बारिश हो सकती है. इससे पहले हीट वेव से लोगों को बचने की सलाह भी जारी की गई है.

