ABC News: सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव में छठवेें दिन आखिरकार नामांकन का खाता खुल ही गया. छठवें दिन समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने अपना पर्चा दाखिल किया.

लखनऊ में सपा मुखिया अखिलेश यादव की पंचायत के बाद नसीम सोलंकी के नामांकन में सपा नेता एकजुट भी नजर आए. इस दौरान जब इरफान सोलंकी के नाम को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए तो नसीम सोलंकी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और उनके आंखों से आंसुओं की धार फूट पड़ी.

आंसुओं की धारा के बीच नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट के अंदर दाखिल होने से पहले नसीम सोलंकी ने सास खुर्शीदा और बेटी को गले लगाया और फिर पार्टी नेताओं के साथ नामांकन करने के लिए एसीएम तृतीय की कोर्ट में दाखिल हो गईं.

उनके साथ सपा नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, विधायक अमिताभ बाजपेयी, मो. हसन रूमी रहे. प्रस्तावक के रूप में जिला महासिचव संजय सिंह सेंगर ‘बंटी’ मौजूद रहे. इस दौरान नसीम की सास खुर्शीदा सोलंकी ने जीत के प्रति विश्वास जताया.

उन्होंने कहा कि जनता हमेशा उनके साथ रही है, जैसे हाजी मुश्ताक सोलंकी और इरफान सोलंकी जीतते थे, उसी तरह इस बार उनकी बहू नसीम भी चुनावी मैदान को फतेह करेंगी. इस दौरान नसीम सोलंकी ने अपने शौहर इरफान सोलंकी को भी याद किया.

