ABC News: कानपुर में डीसीपी सेंट्रल कार्यालय के पास रेस्तरां में हुक्का न मिलने पर नशे में धुत दरोगा, एसीपी के हमराही और उनके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान, पुलिसकर्मियों ने रेस्तरां कर्मचारियों से मारपीट की और युवतियों पर छींटाकशी भी की.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात करीब ढाई बजे चार युवक कार से रेस्तरां पहुंचे. उन्होंने हुक्का मांगा, लेकिन कर्मचारियों ने उपलब्ध कराने से मना कर दिया. इस पर युवक भड़क गए और कर्मचारियों से गालीगलौज करने लगे. विरोध करने पर मारपीट करने लगे. नशे में धुत चारों युवकों ने रेस्तरां में जमकर बवाल काटा. आरोप है कि कुछ देर पहले मोबाइल लेने पहुंची युवतियों पर भी आरोपियों ने छींटाकशी की गई. बताया जा रहा है कि दरोगा के जन्मदिन के मौके पर ही एसीपी के हमराही और उनके साथी पार्टी करने पहुंचे थे. बवाल करने वालों में एक दरोगा था. दूसरा साउथ जोन में तैनात एक एसीपी का हमराही बताया गया.
बाकी दो युवक उनके दोस्त थे. सभी सादी वर्दी में थे और नशे में धुत होकर हंगामा कर रहे थे. हंगामा, बवाल और मारपीट की घटना यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. वहीं, इस घटना के बाद आरोपी दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.

