ABC News: इंस्टाग्राम पर साथी युवक से विवाद होने पर इंटर के छात्र ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी. परिजनों की शिकायत पर फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है. परिजनों के अनुसार, विनायकपुर में टेंट हाउस संचालक का भतीजा अभिषेक सिंह का इंस्टाग्राम पर अपने दोस्त से विवाद हुआ था.
दोनों के बीच इस दौरान काफी ज्यादा बहस हुई. परिजनों ने बताया कि इसके बाद अभिषेक ने अपनी मां को विवाद की सूचना देकर पुलिस को जानकारी देने की बात कही थी, जिस पर उसकी मां ने उसे घर आने को कहा. इसके बाद अभिषेक गुरूदेव चौराहे के पास पहुंचा और वहां पर जहरीला पदार्थ खा लिया. जब वह घर आया तो काफी ज्यादा उल्टी कर रहा था, इस पर परिजनों ने उसे लखनपुर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने बताया कि पुलिस ने उस युवक को पकड़ लिया है, जिससे इंस्टाग्राम पर विवाद हुआ था. मृतक इंटर का छात्र था और सागर मार्केट में पास मोबाइल रिपेयरिंग का काम सीखने जाता था.बताया जा रहा है कि मामला रूपयों के लेनदेन से भी जुड़ा है.

