ABC News: बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल को सफल बनाने के लिए रविवार को कानपुर में जुलूस निकाला गया. यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियन की अगुवाई में बैंक कर्मचारियों ने बड़ा चौराहा स्थित इंडियन बैंक से पैदल जुलूस निकाला. इसके पहले रविवार को खुली बैंकों में कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर और काले बैच लगाकर अपने विरोध को दर्शाया.
शाम पांच बजे से निकाला गया जुलूस बिरहाना रोड में पीएनबी क्षेत्रीय कार्यालय में खत्म हुआ. इसके बाद यहां पर बैंक कर्मचारियों की सभा हुई. बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उनकी लंबे समय से फाइव डे बैंकिंग की चल रही है. उसके बावजूद उसे लागू नहीं किया जा रहा है.
एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रबंधन पर विभाजनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया गया. उन्होंने कहा कि तीन दिनों की हड़ताल के बाद भी बैंक कर्मचारियों की नहीं सुनी जाती है तो वह लोग 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे.
वहीं, तीन दिन बैंकों की पूर्ण हड़ताल रहने से शहर का वित्तीय ढांचा बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है. बताया जा रहा है कि जिले में 11 सरकारी बैंकों की करीब 400 शाखाएं हैं. हड़ताल के तीन दिनों के दौरान चेक क्लियरिंग की प्रक्रिया पूरी तरह बंद रहने के आसार हैं.
लगातार तीन दिनों तक क्लियरिंग न होने के कारण स्थानीय और औद्योगिक व्यापार को अरबों रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसके अलावा, आम ग्राहक शाखाओं से डिमांड ड्राफ्ट भी नहीं बनवा सकेंगे. हड़ताल के दौरान शाखाओं में काम -काज ठप रहने से ग्राहकों को केवल डिजिटल प्लेटफार्म से ही सहायता मिल सकेगी.

