ABC News: हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के नारायणपुरी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपनी ही मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी. चीखपुकार सुनकर पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. महिला फतेहपुर की रहने वाली थी, जो इलाज कराने के लिए कानपुर अपनी बेटी के घर पर रुकी थी.
फतेहपुर की रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी प्रमिला सिंह (55) बेटे राजा सिंह (28) के साथ रहती थीं. प्रमिला के पति धर्मेंद्र सिंह की 5 साल पहले मौत हो गई थी. वह करीब 10 दिन पहले सिकाई करने के दौरान गर्म पानी से जल गई थीं. प्रमिला इलाज कराने के लिए कानपुर आई थीं. हनुमंत विहार स्थित नारायणपुर में बेटी प्रीतू सिंह के घर 30 मार्च से रह रही थीं. बताया जा रहा है कि सुबह के समय राजा ने अपनी मां को फोन कर घर बुलाया था. जिस पर उन्होंने डॉक्टर को दिखाने की बात कहकर आने से मना कर दिया था. इसके बाद करीब पौने दस बजे राजा अपनी बहन के घर आ धमका और प्रमिला के दरवाजा खोलते ही उन्हें लात मार दी.
परिजनों का कहना है कि वह घर को अपने नाम कराने की बात कर रहा था. जिस लड़की से राजा शादी करना चाह रहा था, प्रमिला उसे पसंद नहीं कर रही थीं. इसी दौरान वाद विवाद करते हुए उसने अपनी मां को चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी. एडीसीपी साउथ महेश कुमार का कहना है कि राजा जिस लड़की से शादी करना चाहता था, उस लड़की को उसकी मां प्रमिला पसंद नहीं करती थी. इसी को लेकर घर में विवाद होता था. पुलिस ने मां के शव के पास बैठे आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी बेटे से पूछताछ करने में जुटी है.

