ABC News: पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन कानपुर में पुलिस ने एक सॉल्वर को गिरफ्तार करने मेें सफलता पायी है. बताया जा रहा है कि सॉल्वर के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड में लगी फोटो में गड़बड़ी पाए जाने पर जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो सारे मामले का खुलासा हुआ.

किदवईनगर पुलिस के अनुसार, पुलिस भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन साकेतनगर स्थित सुभाष स्मारक इंटर कॉलेज में शनिवार को द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक देव नारायण सचान और आशीष गुप्ता की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई कि अभ्यर्थी रामदीन सिंह, निवासी शीतल बिहार कॉलोनी, कालिका नगला आगरा की फोटो में भिन्नता है. इस पर पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आयी और यहां पर कड़ाई से पूछताछ की. पूछताछ में युवक ने अपना नाम धौलपुर राजस्थान निवासी नरेंद्र सिंह बताया. उसने बताया कि वह रामदीन की जगह परीक्षा देने यहां पर आया था, परीक्षा को पास करने के लिए पांच लाख में सौदा तय हुआ था. पुलिस पूछताछ में आरोपी नरेंद्र ने बताया कि मध्यप्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा पास कर चुका है. उसका 23 सितंबर को फिजिकल टेस्ट होना था,,,, लालच में आकर वह सॉल्वर बन गया.

