ABC News: बिल्हौर के अरौल थानाक्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह के समय एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. बताया जा रहा है कि बस चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ. हादसे के बाद बस और ट्रक चालक समेत 11 सवारियां घायल हो गईं, जबकि दो यात्रियों की मौत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसीपी और इंस्पेक्टर ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है. यहां पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किमी 221 पर अरौल टोल प्लाजा के पास टेग्रा एक्सप्रेस की डबल डेकर बस पटना से लगभग 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी. प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ, जिस ट्रक से बस टकराई, उसमें आरारोट लदा था और वह सिलीगुड़ी से सहारनपुर जा रहा था. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसीपी सुभाष चंद्र और इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल नीरज, बबलू और रितेश को कानपुर रेफर किया गया. अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आना ही हादसे का मुख्य कारण सामने आया है. बस की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक होने का अनुमान है. पुलिस ने इसके बाद हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस और पलटे हुए ट्रक को हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई है. गंभीर रूप से घायल एक अन्य यात्री का इलाज चल रहा है.

