ABC News: कानपुर के मैकरॉबर्टगंज में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां पर बीएड की परीक्षा देने आए कई परीक्षार्थी अचानक सीसामऊ नाले में गिर गए. बताया जा रहा है कि सीसामऊ नाले की स्लैब भरभराकर ढहने की वजह से यह हादसा हुआ. हादसे के बाद नाले के अंदर गिरे परीक्षार्थियों में चीखपुकार मच गई.
आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से नाले में गिरी परीक्षार्थियों को बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए ग्वालटोली स्थित एचएन मिश्रा कॉलेज को भी सेंटर बनाया गया था. यहां पर कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए कई परीक्षार्थी एक दुकान के बाहर बड़ी संख्या में खड़े थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सड़क किनारे बने नाले की स्लैब धंस गई. इसके चलते कई परीक्षार्थी नाले के गंदे पानी में गिर गए. नाले में गिरने से छात्रों की किताबें, प्रवेश पत्र और कपड़े खराब हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और अन्य परीक्षार्थियों की मदद से गिरे हुए छात्रों को बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई. हादसे को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया.

