ABC News: कानपुर के घाटमपुर स्थित ओवरब्रिज का स्लैब रविवार सुबह क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज की स्लैब पर कई जगह दरारें भी आ गई हैं. यह दरारें ओवरब्रिज की छत और बीम में आई हैं. ओवरब्रिज में दरार आने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. बताया जा रहा है कि लखनऊ से निर्माण कंपनी पीएनसी की मोबाइल ब्रिज इंस्पेक्शन यूनिट को बुलाकर पुल की तकनीकी जांच कराई गई. एनएचएआइ के परियोजना निदेशक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ पुल की स्थिति का जायजा लिया. प्रारंभिक जांच में टीम ने आशंका जताई है कि पुल पर खड़े एक डंपर में खराबी आने के बाद उसे ठीक करने के लिए लगाए गए भारी जैक के दबाव के कारण संरचना में दरार उत्पन्न हुई हो सकती है. हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि सोमवार से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा. फिलहाल एहतियात के तौर पर पुल पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है. यातायात को पुल की साइड लेन से संचालित किया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से इस ओवरब्रिज का निर्माण वर्ष 2022 में पूरा हुआ था। निर्माण कार्य पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी ने किया था.

