ABC News: कानपुर नगर निगम में हुए टेंडर घोटाले की जांच के लिए एसआईटी ने अपना कार्य शुरू कर दिया है. एसआइटी की टीम प्रभारी और एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह की अगुवाई में मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंची. यहां पर टीम सबसे पहले मुख्य अभियंता एसएफए जैदी के कार्यालय पहुंची और कई फाइलों की जांच की.
बताया जा रहा है कि जांच में टेंडर, वर्कआर्डर से लेकर ठेकेदारों को हुए भुगतान को गहनता से परखा गया. इस दौरान कुछ फाइलों को लेकर टीम ने सवाल भी उठाए. मुख्य अभियंता के अलावा अधिशाषी अभियंता एसके सिंह, दिवाकर भास्कर से भी यहां पर अहम बिंदुओं पर पूछताछ की गई. बताया जा रहा है कि एसआईटी का मुख्य फोकस हॉट मिक्स प्लांट से संबंधित फाइलों पर रहा.
इसमें ठेकेदारों के सिंडीकेट का सरगना कहे जा रहे गोविंद शर्मा की फर्म कैला देवी इंटरप्राइजेज की फाइल में गड़बड़ियां मिलने की बात कही जा रही है. एसआईटी टीम नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है. चीफ इंजीनियर कार्यालय के कर्मचारियों के कंप्यूटर में भी टीम ने जांच पड़ताल की.
आपको बता दें कि ठेकों में अनियमितता, अवैध वसूली और डराने धमकाने के मामले में अब तक दो ठेकेदारों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है जबकि सिंडीकेट का सरगना गोविंद शर्मा फरार चल रहा है. मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद से नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.

