ABC News: पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया. भैरोघाट में हुए अंतिम संस्कार में श्रीप्रकाश जायसवाल के पार्थिव शरीर को कनाडा से वापस लौटे उनके पुत्र सिद्धार्थ जायसवाल और गौरव जायसवाल ने मुखाग्नि दी. इससे पहले जब तिलकहॉल से भैरोघाट उनका पार्थिव शरीर पहुंचा. तो जिस डीसीएम में उसे लाया गया था.
उसके आगे श्रीप्रकाश की चिर परिचित अंदाज वाली फोटो लगाई गई थी. तिलकहॉल से लेकर भैरोघाट तक तमाम राजनेता, अलग अलग पार्टी के कार्यकर्ता, सामाजिक, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से लेकर आम लोगों की भीड़ उमड़ी और श्रीप्रकाश को अपने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए.
भैरोघाट पर श्रीप्रकाश जायसवाल के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान उनसे जुड़े लोग काफी गमगीन नजर आए.
यूपी सरकार में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने भी यहां पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व को याद किया.
तिलकहॉल के बाहर पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए
कांग्रेस के स्थानीय मुख्यालय तिलक हॉल में जब पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का पार्थिव शरीर लाया गया, तो यहां पर पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं समेत अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी. तिलक हॉल में श्रीप्रकाश के पार्थिव शरीर पर पार्टी के ध्वज को ओढ़ाया गया. इसके साथ ही यहां पर बड़ी संख्या मेें लोगों ने उन्हें यहां पर श्रद्धांजलि अर्पित की. अपने कार्यकर्ता से लेकर नेता और मंत्रित्व काल में श्रीप्रकाश की तिलक हॉल से जुड़ी यादों को पार्टी नेता आपस में साझा करते रहे. इस दौरान श्रीप्रकाश के करीबी वह नेता भी यहां पर नजर आए, जो अब कांग्रेस छोड़कर दूसरे दलों का दामन थाम चुके हैं.
इस दौरान तिलकहॉल के बाहर की दुकानों के शटर भी गिरे नजर आए. वहीं, जब तिलकहॉल से भैरोघाट के लिए श्रीप्रकाश जायसवाल की अंतिम यात्रा निकली, तो तिलकहॉल के बाहर मकानों से उनके पार्थिव शरीर पर फूल भी बरसाए गए. इस दौरान हर तरफ श्रीप्रकाश अमर रहें के नारे गूंजते रहे.
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान रविवार को उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां पर उन्होंने श्रीप्रकाश जायसवाल के पुत्रों और परिजनों को ढांढस बंधाया. मीडिया से बातचीत में आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि जायसवाल जी के निधन व्यक्तिगत और सार्वजनिक क्षति है. बिहार के राज्यपाल ने कहा कि उनका जायसवाल जी से पुराना संबंध था, जो 1980 के दशक में उनके कानपुर आने के समय से ही रहा है. उन्होंने बताया कि श्रीप्रकाश जायसवाल उनसे मिलने यहां अनेकों बार आए थे. आरिफ मोहम्मद खान ने इसे बहुत गहरी क्षति बताते हुए कहा कि आज हमारे बीच वो नहीं रहे. यह बहुत गहरी क्षति है. उन्होंने पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि भले ही वह 1986 में कांग्रेस से अलग हो गए थे, लेकिन जब श्रीप्रकाश मंत्री थे, तब भी कई दफा उनका फोन आता था. उन्होंने बताया कि जायसवाल जी इंसिस्ट करते थे और उनसे मिलने दिल्ली उनके घर पर आते थे, जो उनकी सौम्यता को दर्शाता है. राज्यपाल ने कहा कि श्रीप्रकाश जायसवाल से जुड़ी यादों को साझा करना मुश्किल है, लेकिन वह उन्हें बहुत याद करेंगे.
भोले, अंटू और मैथानी ने दी श्रद्धांजलि
श्रीप्रकाश जायसवाल के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए रविवार को भी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि से लेकर अन्य लोग उनके आवास पहुंचे. इस दौरान, कई राजनेताओं ने उनके निवास स्थान पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की. इनमें पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्रा, अकबरपुर के लोकसभा सांसद देवेंद्र सिंह भोले, गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी समेत अन्य शामिल थे. इन सभी नेताओं ने श्रीप्रकाश जायसवाल के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करने के साथ ही उनके पुत्रों और अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने कहा कि कानपुर और यूपी की राजनीति में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा. हम सबके बड़े भाई, सरल स्वभाव और जमीन से जुड़े हुए नेता के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे.

