ABC News: नौबस्ता तक मेट्रो के टेस्ट रन के बाद अब नगर निगम ने यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को वह कार्य याद दिलाए हैं, जो मेट्रो के कार्य के दौरान छूट गए थे या फिर जिन मरम्मत कार्यों को अभी तक कराया ही नहीं गया है. नगर निगम में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई बैठक में जलनिगम और जलकल विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए.

इस बैठक में बताया गया कि चुन्नीगंज चैराहे पर फुटपाथ, कर्नलगंज थाने के सामने फुटपाथ मरम्मत और ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना का कार्य मेट्रो द्वारा कराना है. इसके अलावा नरोना चौराहे पर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की मूर्ति को फिर से स्थापित कराना, जरीब चौकी पर मेट्रो कार्य के दौरान हटायी गई यूटिलिटी को फिर से स्थापित करना शामिल है. जनता ट्रेडर्स के सामने मेट्रो द्वारा डाली गयी केबल रोड पर निकली है. बारादेवी में मेट्रो ने नाले का जो स्लोप बनाया है, वह ठीक नहीं है. श्याम पैलेस के पास मेनहोल टूटा है और केडीए मार्केट से बाईपास तक मार्ग क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है. ब्लिस चैराहे पर नाला क्षतिग्रस्त होने की वजह से जलभराव की समस्या बताई गई. रावतपुर से कम्पनी बाग तक सडक को मेट्रो ने क्षतिग्रस्त कर दिया था. इस पर मेट्रो अधिकारियों ने बातया कि जलनिगम ने इस सड़क का रेस्टोरेशन नहीं किया है, जिस पर तीनों विभागों के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए. देवकी चौराहा से गुटैया क्रॉसिंग की तरफ नाला मेट्रो द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इसके बाद फिर से नाला निर्माण में दो स्थानों पर 90 डिग्री का मोड है, जिससे जलनिकासी समुचित नहीं हो पाती है. नाले में जमा सिल्ट को एक सप्ताह में हटाने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा बारादेवी में डाली गई सीवर लाइन का संयुक्त निरीक्षण और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए. बताय गया मेट्रो ने घंटाघर चौराहे पर जलकल की 350 मिमी डाया की सीवर लाइन में 600 एमएम डाया की सीवर लाइन मिला दी है. जलकल अधिकारियों ने कहा कि इससे भविष्य में समस्या पैदा हो सकती है, जिस पर नगर आयुक्त ने संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए. डबल पुलिया पर मेट्रो द्वारा 450 एमएम डाया की सीवर लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. मेट्रो के अधिकारियों बताया कि अप्रैल माह तक सीवर लाइन की मरम्मत का कार्य करा दिया जायेगा.

