ABC News: कानपुर में एक बार फिर केडीए ने अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. शनिवार को केडीए अधिकारियों ने आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर अभियान चलाकर करीब एक अरब 2 करोड़ की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया. इस दौरान चार बुलडोजरों की मदद से करीब सात घंटे तक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया.

केडीए के ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह की अगुवाई में सबसे पहले कुलगांव में अभियान चलाया गया. यहां पर मनोज पंडित और अन्य की तरफ से आराजी संख्या-368 पार्ट में 650 वर्गमीटर स्थान पर अवैध कब्जे को ध्वस्त किया गया. इसी आराजी संख्या में एक अज्ञात शख्स द्वारा भी इतनी ही जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे ध्वस्त किया गया. वहीं, बैरी अकबरपुर कछार, धनऊपुरवा के पास उदयवीर और अन्य द्वारा आराजी संख्या 916 में 700 वर्गमीटर एरिया में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. गणेशपुर रोड पर अजय और अन्य द्वारा 500 वर्गमीटर जमीन पर अवैध निर्माण केा ध्वस्त किया गया.

वाई वन ब्लॉक किदवईनगर में आयुष की तरफ से 167 वर्गमीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर लगाकर ध्वस्त किया गया. इसी तरह अहिरवां में अनूप तिवारी द्वारा 12 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया. सजारी में अलकनंदा योजना के पहले पांच बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया. अलकनंदा योजना में एसटीपी के बगल में भी छह बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया. इस दौरान कब्जेदारों को दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर की चेतावनी भी दी गई.

