ABC News: महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पर रूमा स्थित न्यू जेके ढाबा के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो टकरा गई. बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई. हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई स्कॉर्पियो हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही थी, जिसमें 12 लोग सवार थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो किसी अज्ञात वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. स्कॉर्पियो में सवार लोग अंदर फंस गए और दर्द से तड़पते रहे. मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से किसी तरह हताहतों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल भेजा. ,हादसे में कार चालक बजरंग, 11 साल के दिलकुश कुमार और एक अज्ञात बच्ची की मौत हो गई. वहीं, हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया.
महाराजपुर और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर किसी तरह यातायात सुचारू कराया. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को कांशीराम अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर हैलट रेफर कर दिया गया. घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं. दो महिलाओं और एक पुरुष की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
डीएम ने घायलों का जाना हाल
महाराजपुर के रूमा मेें खड़े ट्रक में घुसी स्कॉर्पियों में तीन लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने की जानकारी पाकर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे. यहां पर डीएम ने घायलों का हाल जानने के अलावा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला से लेकर चिकित्सकों से बातचीत की. डीएम ने बताया कि जो भी घायल हैं, उनमें दो की हालत नाजुक है, इसके लिए मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पूरी तन्यमता से इलाज कर रहे हैं. इसके अलावा जो घायल हैं, उनके घरों में संपर्क कर सूचना दी जा रही है. उन्होंने कहा कि अगर घायल अपने घर जाना चाहेंगे तो भी स्थानीय प्रशासन उनकी पूरी मदद करेगा और इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को भी सूचना भेजी जा रही है. हैलट अस्पताल के सीएमएस डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि यहां पर नौ घायल भर्ती हैं, जिसमें तीन बच्चे शामिल हैं, गंभीर दो मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया है.

