ABC News: भले ही अभी नया शैक्षिक सत्र न शुरू हुआ हो लेकिन जिला प्रशासन ने फीस वृद्धि में मनमानी न हो, इसको लेकर कवायद शुरू कर दी है. इसको लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया शैक्षणिक सत्र से साठ दिन पहले स्कूलों को वेबसाइट और सूचना पट्ट पर स्कूलों की फीस सार्वजनिक करनी होगी. इसके अलावा, फीस की जानकारी सक्षम अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी. जिलाधिकारी ने कहा कि फीस निर्धारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और कोई भी विद्यालय निर्धारित शुल्क से अधिक एक भी रुपया नहीं लेगा.

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी छात्र या अभिभावक को किताब, जूते, मोजे अथवा यूनिफॉर्म किसी विशेष दुकान से खरीदने के लिए बाध्य किया जाना गंभीर उल्लंघन माना जाएगा. यदि इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो बिना किसी ढिलाई के कार्रवाई होगी. यही नहीं, एक बार निर्धारित यूनिफॉर्म को कम से कम पांच वर्षों तक नहीं बदला जाएगा. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रवेश शुल्क केवल पहली बार नए प्रवेश के समय ही लिया जाएगा तथा परीक्षा शुल्क सिर्फ परीक्षाओं के लिए ही वसूला जाएगा. विद्यालय द्वारा ली जाने वाली प्रत्येक फीस की रसीद देना अनिवार्य होगा और निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त कोई अन्य शुल्क नहीं लिया जाएगा. शिकायत निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छात्र या अभिभावक की शिकायत का समाधान पहले विद्यालय स्तर पर तय समय में कराया जाए.

पंद्रह दिन में समाधान न होने की स्थिति में मामला सीधे जिला शुल्क नियामक समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए और जिम्मेदारी तय की जाए. जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई विद्यालय नियमों से अधिक शुल्क वसूलने या किसी विशेष दुकान से सामान खरीदने के लिए विवश करता पाया गया, तो पहली बार उल्लंघन पर अतिरिक्त वसूली गई फीस वापस कराने के साथ एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा. दूसरी बार उल्लंघन पर यह जुर्माना पांच लाख रुपये तक होगा और तीसरी बार उल्लंघन की स्थिति में संबंधित बोर्ड से मान्यता अथवा सम्बद्धता समाप्त कराने की संस्तुति की जाएगी.

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय, चार्टर्ड एकाउंटेंट सुधीर चौधरी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिल कुमार, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) शिशिर जायसवाल, आर.के. मिशन हाई सेकेंडरी स्कूल आर.के. नगर के प्रधानाचार्य पंकज शुक्ला, सीबीएसई बोर्ड के को-ऑर्डिनेटर बलविंदर सिंह, आईसीएसई बोर्ड की को-ऑर्डिनेटर शर्मिला नंदी तथा अभिभावक संघ डीपीएस इंटर कॉलेज नवाबगंज के प्रतिनिधि मनोज कुमार उपस्थित रहे.

