ABC News: छठ पूजा के दूसरे दिन कानपुर के विभिन्न इलाकों में बिहार और पूर्वांचल जैसा नजारा देखने को मिला. दूसरे दिन खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद महिलाओं का 36 घंटे का कठिन व्रत शुरू हो गया. इसके पहले पूर्वांचल समाज के घरों से लेकर नहर घाटों के आसपास उल्लास का वातावरण देखा गया. अरमापुर, पनकी नहर के आसपास तो अभी से उत्सव जैसा नजारा दिखा जबकि शास्त्रीनगर में आर्टिफिशियल तालाब को भी अंतिम रूप दिया जाता रहा है.

शास्त्रीनगर सेंट्रल पार्क में इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिवार के साथ आयीं और यहां पर छठ पूजा के लिए वेदियां बनाती रहीं. छठ पूजा से जुड़े गीतों के बीच यहां पर वेदियों को बनाने का उत्साह देखा जाता रहा. महिलाओं के साथ घर के बच्चे और पुरूष भी पूरे मनोयोग से उनका सहयोग करते रहे.

इसी तरह लाजपतनगर, नमक फैक्ट्री चौराहा, सीटीआई, सचान नहर के अलावा गंगा घाटों पर छठ पूजा की रौनक अभी से दिखने लगी है. घाटों को रंग बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है. एक दिन बाद रविवार को यहां पर महिला अस्ताचल गामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा करेंगी.

इसके बाद सोमवार को उगते हुए सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ ही छठ पूजा के 36 घंटे के व्रत का पारायण होगा. उधर, डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने भी सोमवार को छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है.

