ABC News: कानपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय केशव भवन का आज शुभारंभ हो गया. केशव भवन का शुभारंभ सर संघ चालक डॉ. मोहन मधुकर भागवत ने किया. इस दौरान यहां पर उन सभी मजदूरों का सम्मान किया गया, जिन्होंने संघ के इस भवन केा बनाने का कार्य किया.
इसके अलावा अंबेडकर जयंती पर डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार का भी लोकार्पण किया गया. यहां पर बड़ी संख्या में संघ के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए समाज को कार्य करना होगा. भारत हिंदू समाज का घर है. उन्होंने कहा कि हम आपसी मतभेद मे उलझ गए और इसका विदेशी आक्रांताओं ने फायदा उठाया. ऐसे में आज जो अपने आप को हिंदू कहता है उनकी जवाबदेही बनती है. उनसे पूछा जाएगा कि उन्होंने भारत के लिए क्या किया.
हिन्दू समाज को इसके लिए तैयार करना है. भारत में हिंदू समाज के संगठन का कार्य संघ कर रहा है. भागवत ने बाबा साहब डॉ. भीमराव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हिंदू समाज को विषमता से बाहर लाने का काम किया. उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने खुद विषमता का सामना किया और इसी वजह से उन्होंने दीक्षा परिवर्तन तक किया, क्योंकि उस समय हिंदू समाज सुन नहीं रहा था.
डॉ. अंबेडकर के साथ ही संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जिक्र करते हुए भागवत ने कहा कि उनका जीवन भी दरिद्रता और उपेक्षा में बीता लेकिन दोनों डॉक्टरों ने अपने लिए कुछ नहीं किया. दोनों जीवन भर इसी में लगे रहे जिससे हिंदू समाज में एकता बनी रहे.
इस दौरान डॉ अंबेडकर के 1934 में संघ की शाखा में आने की घटना का उन्होंने यहां पर उल्लेख किया. संघ की शाखा में आने का समाचार उन दिनों अखबार केसरी में छपा था, जिसमें बाबा साहेब ने कहा था कि उनके कुछ बातों पर संघ से मतभेद हैं लेकिन वह संघ को अपनत्व के भाव से देखते हैं. उन्होंने कहा हिंदू समाज को अब स्वातंत्रय, समता और बंधुता के साथ चलना जरूरी है.

