ABC News: विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद के आवास पर ज्ञापन देने पहुंचे दिव्यांगों की बात सुनने काफी देर तक देवेंद्र सिंह भोले नहीं आए तो हंगामा खड़ा हो गया. नाराज दिव्यांगों ने सांसद के आवास के बाहर खाट बिछाकर प्रदर्शन किया. दिव्यांगों का आरोप है कि जब सांसद अपने आवास से बाहर निकले तो उन्होंने गुंडागर्दी नहीं करने की बात कही और कार्यालय आकर मिलने को कहा. इससे नाराज दिव्यांग सांसद देवेंद्र सिंह भोले को बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौट गए.

दरअसल, सांसद देवेंद्र सिंह भोले के आवास पर राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के बैनर तले दिव्यांग प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन देने पहुंचे थे. पार्टी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार के अनुसार, इसकी सूचना तीन दिन पूर्व ही उन्होंने सांसद भोले के कार्यालय में दी थी. खाट बिछाओ अधिकार दिलाओ आंदोलन के तहत रविवार सुबह बड़ी संख्या में दिव्यांग सांसद देवेंद्र सिंह भोले के आवास पहुंचे और नारेबाजी करने लगे. काफी देर बाद सांसद भोले के पीआओ दिव्यांगों के बीच आए और उन्होंने सांसद के गुरू पूर्णिमा पूजन में बैठे होने की जानकारी देकर उन्हें इंतजार करने को कहा. विकलांग पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि एक घंटे के इंतजार के बाद सांसद भोले के पीआरओ जब आए तो उन्होंने सही ढंग से बात नहीं की.

करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद जब सांसद भोले अपने आवास से बाहर निकले तो नारेबाजी को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की. दिव्यांगों को अपने कार्यालय बुलाकर उन्होंने अपनी बात रखने को कहा. इस पर दिव्यांगों ने हंगामा करते हुए कहा कि सांसद उनसे कह रहे हैं कि उन लोगों की गुंडागर्दी नहीं चलेगी. इसको लेकर वह लोग सांसद भोले को बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौट गए.

