ABC News: महापौर प्रमिला पांडेय एक बार फिर से एक्टिव मोड में दिख रही हैं. मंगलवार को उन्होंने स्वरूपनगर में सीएम ग्रिड योजना से बन रही सड़क का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ जोनल अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल और पार्षद भी शामिल रहे.
महापौर ने यहां पर बनाई जा रही व्हाइट टॉपिंग सड़क का भी जायजा लिया और उसकी मोटाई आदि की भी जांच कराई. इस दौरान महापौर ने एक बार फिर अधिकारियों और ठेकेदारों पर सवाल उठाए. महापौर ने कहा कि जितनी तेजी से अब काम हो रहा है, अगर उतनी तेजी से पहले काम हो जाता, तो इस सड़क का अब तक काफी काम पूरा हो जाता. महापौर ने कहा कि ठेकेदार तेज काम क्यों नहीं कर रहे हैं, यह उनकी समझ में नहीं आता है.
उन्होंने बताया कि इस सड़क का पांचवी बार वह निरीक्षण कर रही हैं. ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि इस सड़क का काम नवंबर तक पूरा हो जाएगा. महापौर ने बताया कि करीब 17 करोड़ की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जा जा रहा है, 30 नवंबर तक सड़क का काम पूरा हो जाएगा.

