ABC News: पितृ पक्ष के अवसर पर मातृ नवमी की तिथि पर कानपुर के सरसैया घाट पर उन अजन्मी बेटियों का श्राद्ध और तर्पण किया गया, जिन्हें इस दुनिया में आने से पहले ही गर्भ के अंदर मार दिया गया. युग दधीचि देहदान संस्थान की तरफ से आयोजित इस अनुष्ठान का शुभारंभ पूर्व महापौर जगतवीर सिंह द्रोण ने किया.
इस अनुष्ठान में विधायक, शिक्षा विद से लेकर अन्य विदुषी महिलाएं शामिल हुईं. युग दधीचि देहदान अभियान के संयोजक मनोज सेंगर ने यहां पर शास्त्रोक्त विधि से अजन्मी बेटियों के लिए जलदान कर तर्पण कर अनुष्ठान कराया. उन्होंने कहा कि यह तर्पण उन अजन्मी बेटियों के लिए है, जिसे पुत्र मोह के चक्कर में फंसकर गर्भ के अंदर ही मार दिया गया. महिलाओं के जरिए ही तर्पण कराकर समाज को एक संदेश दिया गया है, जिससे लोग जागरूक हों और बेटे व बेटियों में किसी प्रकार का अंतर न समझें.
यहां पर राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, डॉ. अनीता गुप्ता, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पौत्री नंदिता मिश्रा समेत अन्य महिलाएं शामिल हुईं. इस दौरान अमर शहीद बलिदानियों और देहदानियों का भी तर्पण किया गया. कार्यक्रम में माधवी सेंगर, राजीव महाना, डॉ. उमेश पालीवाल, शेष नारायण त्रिवेदी आदि मौजूद रहे.

