ABC News: कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में उनकी बहू शालू और दोनों हत्यारोपियों राजकिशोर व विशाल की पुलिस कस्टडी रिमांड कोर्ट ने मंजूर कर ली है. कोर्ट ने तीनों की एक दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है. तीनों की पुलिस कस्टडी रिमांड बुधवार दोपहर 12 बजे से शुरू होगी जोकि अगले दिन 12 बजे तक चलेगी.
माना जा रहा है कि इस दौरान पुलिस शालू और दवा कारोबारी विनीत मिनोचा के पुत्र सुब्रत को आमने सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है. शालू के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि 24 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड कोर्ट ने मंजूर की है. वहीं, शालू के कोर्ट में बयान देने की अर्जी को लेकर उन्होंने बताया कि पहले तो पूरा ध्यान पीसीआर पर है, इसके बाद शालू की अर्जी को लेकर अपील, रिवीजन या फिर हाईकोर्ट जाने को लेकर परिवार के साथ बैठकर निर्णय लिया जाएगा. इससे पहले शालू समेत अन्य दोनों हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान शालू मास्क और दुपट्टे से चेहरा छिपाकर कोर्ट पहुंची थी. राजकिशोर भी कैमरे के सामने हाथ से चेहरा छिपाता रहा,, वहीं, विशाल कोर्ट रूम तक पहुंचने के दौरान हत्या से जुड़े सवालों पर सिर हिलाकर न में जवाब देता रहा.

