ABC News: नवाबगंज मेें हुए अधिवक्ता राजाराम वर्मा हत्याकांड के बाद अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर उनके पुत्र नरेंद्र देव ने परिवारी जनों समेत अन्य लोगों के साथ पदयात्रा निकाली. एनआरआई सिटी, मैनावती मार्ग से निकली इस पदयात्रा की जानकारी पाकर चिड़ियाघर के आसपास एसीपी समेत तीन थानों का फोर्स तैनात था.
बताया गया कि इस पदयात्रा को नवाबगंज थाने तक जाना था लेकिन चिड़ियाघर के पास पुलिस ने पदयात्रा कर रहे अधिवक्ता राजाराम वर्मा के पुत्र समेत अन्य लोगों को रोक लिया और यहीं पर उनका ज्ञापन लिया.
राजाराम वर्मा के पुत्र नरेंद्र देव ने राकेश तिवारी एडवोकेट गैंग मुक्ति मोर्चा भी गठित किया और रविवार को इसी बैनर तले पदयात्रा निकाली गई.
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि सफेदपोश भूमाफिया और उनके अधिवक्ता कभी भी उनकी हत्या करा सकते हैं, ऐसे में उन्हें सुरक्षा दिया जाना जरूरी है.
इसके साथ राजाराम वर्मा हत्याकांड के षणयंत्रकारियों और सफेदपोश भूमाफियाओं की जल्द गिरफ्तारी कर जेल भेजने की भी मांग की गई. उन्होंने कहा कि अगर सफेदपोश भूमाफिया के चेहरे से नकाब नहीं हटा, तो वह लोग लखनऊ में सीएम योगी के सामने अपनी गुहार रखेंगे.

