ABC News: केस्को में एकमुश्त समाधान योजना एक दिसंबर से लागू होगी. बकाएदारों की सुविधा के लिए ओटीएस स्कीम में इस बार विद्युत चोरी वाले मामलों को भी शामिल किया गया है. इसके बारे में जानकारी देते हुए केस्को एमडी एम सैमुअल पॉल ने बताया कि पूरी योजना तीन चरणों में हैं, जिसमें पहला चरण एक दिसंबर से, दूसरा चरण एक जनवरी और तीसरा चरण एक फरवरी से 28 फरवरी तक रहेगा.
उन्होंने कहा कि पहले चरण में पंजीकरण कराने पर 25 प्रतिशत, दूसरे में 20, तीसरे चरण में 15 फीसदी की छूट मिलेगी. दो हजार रूपए से रजिस्ट्रेशन कराकर 30 दिन के अंदर रूपया जमा करना होगा. इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए किस्तों की भी सुविधा दी गई है. जिसमें सरचार्ज माफी के अलावा मूल बकाए में भी छूट प्राप्त होगी. अगर कोई सही समय पर किस्त नहीं जमा करता है तो उसे नियमानुसार ब्याज का भी भुगतान करना होगा. उन्होंने बताया कि योजना में बिजली चोरी के मामलों के अलावा आरसी, परमानेंट डिस्कशन वाले मामालें को रखा गया. ऐसे मामलों में पहले चरण में रजिस्ट्रेशन कराने पर मूल भुगतान का 50 प्रतिशत, दूसरे में 55 और तीसरे में 60 प्रतिशत रकम जमा करनी होगी. उपभोक्ताओं को अपना सही मोबाइल नंबर और वॉट्सऐप नंबर दर्ज कराने की अपील की गई है. केस्को एमडी ने बताया कि आनलाइन के अलावा केस्को के कैश काउंटर और हेल्प डेस्क पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी. उन्होंने बताया कि बिजली चोरी के मुकदमों के मामले में 68 करोड़ रूपया बकाया है, जबकि 1400 बकाएदार ऐसे हैं, जिन्होंने कभी भुगतान नहीं किया इसके अलावा 26 हजार बकाएदार ऐसे हैं, जिन्होंने 31 मार्च के बाद भुगतान नहीं किया है.

