ABC News: कानपुर में चूहे अब बवाले जान बनते जा रहे हैं. ब्रह्मनगर में चौराहा धंसने, नौबस्ता गल्ला मंडी में करोड़ों का अनाज खाने के बाद अब नवाबगंज में चूहों ने कुछ मकानों के नीचे ऐसे बिल बनाए कि अब उनके गिरने का खतरा मंडरा रहा है. चूहों की हरकत से दहशतजदा लोग मकानों को बल्लियों का सहारा देकर किसी तरह बचाने में जुटे हैं.
लोगों को डर सता रहा है कि कहीं उनका आशियाना ध्वस्त न हो जाए. यहां पर रहने वाले आयुष श्रीवास्तव का कहना है कि देर रात अचानक उनका बेड जब धंसा तो वह लोग दहशत में आ गए.
जब देखा तो जमीन अंदर तक काफी धंस गई थी. इसके बाद सुबह जब मिट्टी हटायी गई तो सीवर का काफी पानी आ गया. इसके बाद स्थानीय लोगों और पार्षद को सूचना दी गई. पार्षद ने मौके पर जलकल विभाग की टीम को बुलाया.
इसके बाद जब यहां से सीवर का पानी किसी तरह निकाला गया, तो पता चला कि चूहों ने जमीन के अंदर इतने सुराख कर दिए हैं कि पूरी जमीन ही पोली हो गई है. बाद में सीवर चेंबरों को पक्का कराया गया. लोगों का कहना है कि यहां पर इतने बड़े बड़े चूहे हैं, जिससे सभी परेशान हैं.
सभी को अपने मकानों को लेकर डर सता रहा है. घरों के नीचे सुरंग जैसी बन गई है. वहीं, पार्षद का कहना है कि नवाबगंज में चूहों की समस्या कई जगह हो गई है, इसको लेकर सभी परेशान हैं.

