ABC News: कानपुर में रेप, सेक्स और स्नेक बाइट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई अचरज में पड़ गया. यहां पर रेऊना थाना क्षेत्र में एक युवक ने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. मामला उजागर न हो, इसलिए पीड़िता को शादी का आश्वासन देकर फिर चार साल तक उसका यौन शोषण किया. इसके बाद मंदिर में शादी कर लिखित समझौतानामा देकर सामाजिक रूप से शादी करने का आश्वासन देकर नाबालिग से सेक्स कर उसे गर्भवती बनाया. इसके बाद जब युवक सिपाही बन गया, तो पीड़ित से शादी से बचने के लिए उसे सांप से कटवाया. हालांकि इसके बाद भी युवती बच गई. इसके बाद जब वह थाने आयी, तो पुलिस ने उसे दौड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. अंतत: थकहार कर युवती डीसीपी साउथ के दफ्तर में गुहार लेकर आयी, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए.

रेउना थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने बताया कि सितंबर 2020 में जब वह शौच के लिए जा रही थी, तभी गांव में रहने वाले अनुज ने उसके साथ दुष्कर्म किया. जिस समय उसके साथ रेप किया गया, उस समय उसकी उम्र महज 14 साल थी. उसने जब घरवालों को बताने की बात कही, तो आरोपी अनुज ने जान से मारने की धमकी देकर शादी करने का आश्वासन दिया. युवती का आरोप है कि इसके बाद चार साल तक अनुज लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा. साढ़े 17 साल की उम्र में वह गर्भवती हुई, तो अनुज ने गर्भपात करा दिया. युवती ने मुकदमे की धमकी दी, तो मामला उजागर न हो, इसके लिए अनुज ने उसके साथ मंदिर में शादी की और यहीं पर स्टांप पेपर पर लिखित समझौतानामा भी दिया कि बालिग होते ही उसके साथ सामाजिक रूप से शादी करेगा. युवती का आरोप है कि इसके बाद वह अपनी दीदी के घर ले गया. बाद में अपने साथ गांव ले आया. इस दौरान उनके घर वाले भी लगातार धमकी देते रहे. इस बीच, अनुज की सिपाही के रूप में नौकरी लग गई. युवती जब उससे सामाजिक रूप से शादी की बात करती तो प्रताड़ना देता रहा.
पीड़ित युवती का कहना है कि 19 फरवरी की रात को अनुज अपने साथ दो सपेरों को लेकर आया. इसमें एक सपेरे ने उसका मुंह दबाया और दूसरे ने उसे सांप से कटाया. सपेरों के जाने के बाद अनुज भी दो घंटे तक उसका मुंह पकड़कर बैठा रहा. बाद में किसी तरह वह वहां से भागकर अपने घर पहुंची तो उसके परिजन उससे घाटमपुर सीएचसी ले गए और बाद में उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया. तब से लगातार युवती का इलाज जारी है. युवती का आरोप है कि वह तीन बार रेउना थाने जा चुकी है लेकिन पुलिस रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कर रही है. सोमवार को डीसीपी साउथ दफ्तर पहुंची युवती ने यहां पर अपनी पूरी कहानी को बयां किया तो डीसीपी साउथ ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देते हुए मामले में जांच बैठा दी है. एडीसीपी साउथ महेश कुमार का कहना है कि आरोपी सिपाही अयोध्या के रूदौली थाने में तैनात है. मामले की जांच की जा रही है.

